हिमाचल: मंत्रियों-विधायकों के रिपोर्ट कार्ड पर चर्चा,कोई नेता टिकट फाइनल न समझे

हिमाचल जनादेश , शिमला (संवाददाता )
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंडी संसदीय क्षेत्र के मंत्रियों, विधायकों, बोर्ड निगमों के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों व संगठन के पदाधिकारियों के साथ शुक्रवार देर शाम कुल्लू के अटल देव सदन में बैठक की।
बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पार्टी के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सहप्रभारी संजय टंडन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप भी उपस्थित रहे। नड्डा ने बैठक में संसदीय क्षेत्र के मंत्रियों, विधायकों, संगठन के पदाधिकारियों के रिपोर्ट कार्ड पर चर्चा की। विधानसभा स्तर पर संगठन की स्थिति जांची।
जेपी नड्डा ने कहा कि कार्यकर्ताओं को थल्ले,थल्ले,बल्ले बल्ले के नारे लगाने से नहीं बल्कि संगठन के हिसाब से कार्य करने होगा। संगठन से बड़ा कोई नहीं है। उन्होंने टिकट के लिए भागदौड़ करने वालों को चेताया कि नेताओं की परिक्रमा करने के बजाए जनता में जाएं। जनता का विश्वास जीतें। जो व्यक्ति संगठन व जनता की कसौटी पर खरा उतरेगा, उसे ही पार्टी का टिकट मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपना टिकट फाइनल न समझे। केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने संसदीय क्षेत्र के नेताओं व पार्टी पदाधिकारियों को मिशन रिपीट के लिए गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सहप्रभारी संजय टंडन ने भी चुनाव में जीत हासिल करने के टिप्स दिए। जेपी नड्डा व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने टिकट के लिए शक्ति प्रदर्शन करने वालों के प्रति भी नाराजगी जताई। दोनों ने ऐसे नेताओं व पदाधिकारियों फील्ड में जाकर जनता की सेवा करने को कहा।
Comments
You need to login first, Log in HereWhat's on your mind regarding this news!
No comments yet. Be a first to comment on this.