चम्बा:ब्लॉक समिति चेयरमैन बनाने के लिए कांग्रेस ने कसी कमर,पूर्व वनमंत्री ने खुद संभाला मोर्चा

हिमाचल जनादेश,कमल ठाकुर (सह संपादक )
27 जनवरी को होने वाली ब्लॉक समिति सदस्यों की शपथ के दौरान भरमौर ब्लॉक कांग्रेस ने अपनी पार्टी से संबंधित सदस्य को चेयरमैन बनाने के लिए रणनीति बनानी शुरू कर दी है। समस्त प्रकरण के सूत्रधार स्वयं पूर्व वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी हैं।
एक नजर इधर भी-जनादेश विशेष:अपने गणतंत्र दिवस और लोकतंत्र के महापर्व पर हम दुनिया के सामने बन गए मजाक
इस प्रकरण को सिरे तक पहुंचाने के लिए वह स्वयं 1-1 पंचायत समिति सदस्य से बात कर रहे हैं। ऐसे में यदि 15 पंचायत समिति सदस्यों से युक्त विकासखंड भरमौर में कांग्रेस समर्थित पंचायत समिति सदस्य का परचम लहराता है तो कोई बड़ी बात न होगी।
यहां यह बताना आवश्यक है कि मौजूदा समय में ब्लॉक समिति भरमौर में भाजपा का परचम है। यहां ब्लॉक समिति चेयरमैन व वाइस चेयरमैन दोनों भाजपा समर्थित हैं। 2010 में हुए पंचायती राज चुनावों के समय प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। उस समय सत्ता के सेमीफाइनल में बाजी भाजपा ने मारी थी। तमाम दबावों के बावजूद उस समय मौजूदा विधायक जियालाल कपूर ने ब्लॉक समिति भरमौर में भाजपा समर्थित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बना दिए थे। बकौल भरमौर कांग्रेस इस बार बाजी उलट गई है।
इस बार पंचायत समिति सदस्यों का संख्या बल कांग्रेस के पास है। पूर्व वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने यह दावा किया है कि 15 पंचायत समिति सदस्यों से सुसज्जित ब्लॉक समिति भरमौर में 10 पंचायत समिति सदस्य कांग्रेस पार्टी के जीत कर आए हैं। इसके अलावा दो अन्य पंचायत समिति सदस्य भी उनके बराबर संपर्क में है। ऐसे में 27 जनवरी को जैसे ही इन पंचायत समिति सदस्यों को शपथ दिलवाई जाएगी वे बहुमत भी सिद्ध कर देंगे। कांग्रेस के इस दावे के बाद भाजपाइयों की नींद उड़ना लाजिमी है।
वही सरसरी नजर दौड़ाई जाए तो इस प्रकरण पर मौजूदा विधायक जियालाल कपूर की भी बराबर नजर टिकी हुई है। वह बराबर भरमौर में डेरा जमाए हुए हैं। वह पंचायत समिति सदस्यों की पल-पल की जानकारी भी हासिल कर रहे हैं। ऐसे में 27 जनवरी को शपथ के दौरान क्या गुल खिलते हैं ?किसके पक्ष में संख्या बल जाता है? देखना दिलचस्प होगा।
Comments
You need to login first, Log in HereWhat's on your mind regarding this news!
No comments yet. Be a first to comment on this.